देहरादून – पहाड़ों की खूबसूरती और साहसिक खेल का संगम, यही है MTB मालदेवता 2025, जो कल से देहरादून की हवा में जोश और जुनून घोलने वाला है। 27 और 28 सितम्बर को होने वाली यह रेस केवल खेल नहीं, बल्कि जिंदगी के जज़्बे को मनाने वाला एक उत्सव बनने जा रही है।
इस बार का आयोजन खास इसलिए है क्योंकि पहली बार देहरादून में राष्ट्रीय चैम्पियन और देशभर के अनुभवी राइडर्स लोकल प्रतिभाओं के साथ ट्रैक पर उतरेंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागियों को इस बार न सिर्फ प्रतियोगिता का रोमांच मिलेगा बल्कि पहाड़ों की कठिन ढलानों और ट्रेल्स पर हिम्मत और धैर्य की असली परीक्षा होगी।
रेस का आगाज़ 27 सितम्बर को होगा, जब उत्तराखंड में पहली बार डाउनहिल रेस आयोजित की जाएगी। यह एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए एक नया आयाम होगा। अगले दिन 28 सितम्बर को मुख्य रेस होगी, जिसमें 300 से अधिक राइडर्स अलग-अलग कैटेगरी – अंडर 14, अंडर 23, महिला ओपन, सीनियर और ग्रैंडमास्टर – में मुकाबला करेंगे। ट्रैक बाइकक्राफ्ट, मालदेवता से शुरू होकर बौंठा गाँव के खूबसूरत रास्तों से गुज़रते हुए वापस बाइकक्राफ्ट पर खत्म होगा।
इस बार “बैटल ऑफ स्कूल्स” भी खास आकर्षण रहेगा, जिसमें स्कूल के बच्चे अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। आयोजकों का मानना है कि यह पहल बच्चों को खेल के साथ-साथ साहस और अनुशासन सिखाएगी।
आयोजन को भव्य बनाने के लिए मंच पर मौजूद रहेंगे विधायक उमेश शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान और IPL खिलाड़ी आकाश मधवाल। इवेंट को Hartex ने स्पॉन्सर किया है। तकनीकी सहयोग दे रहे हैं पहाड़ी पेडलर्स, जबकि स्थानीय ग्रुप रोड स्पिन वारियर्स भी सक्रिय हैं।
रेस के बाद दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए लाइव म्यूजिक, जैज़, पारंपरिक लोक गीत और नृत्य से भरा सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। विजेताओं को उनके साहस और मेहनत के प्रतीक के रूप में इगांथ टॉर्ची से सम्मानित किया जाएगा।
आयोजक नीरज भंडारी ने कहा – “यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि प्रेरणा है। MTB मालदेवता 2025 से हम देहरादून को देश की साइक्लिंग राजधानी बनाने का सपना साकार कर रहे हैं।”
