देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेश के जनमुद्दों को लेकर आज लोकभवन का घेराव किया। हालांकि, पुलिस ने हाथीबड़कला में बेरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया और कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई, जहां कुछ देर बाद सभी को छोड़ दिया गया है।

प्रदेश में महिला अपराध, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जंगली जानवरों के हमले, पलायन, आपदा प्रभावितों को राहत व मुआवजा, बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों को फसल का नुकसान होने पर मुआवजा न मिलने समेत कई अन्य मुद्दों पर आज कांग्रेस ने लोकभवन घेराव का ऐलान किया था। आज सुबह 11 बजे से ही प्रदेशभर से कांग्र्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में जुटने शुरू हो गए थे। यहां से करीब डेढ़ बजे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जुलूस के रुप में लोकभवन के लिए कूच किया। प्रदर्शनकारी राज्य सरकार के विरुद्व नारेबाजी कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी बहल चौक, दिलाराम चौक होते हुए हाथीबड़कला पहुंचे, जहां पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। कई प्रदर्शनकारी बेरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान बेेरिकेडिंग पार करने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक जोरआजमाइश चलती रही। पुलिस सैकड़ों कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई, जहां बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रीतम सिंह ने आज लोकभवन घेराव को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जिस उत्साह से हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए उससे आने वाले समय में पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी तथा हम और अधिक ताकत से भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों तथा अलोकतांत्रिक हिटलरशाही का जवाब देने के लिए तत्पर रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की सुख्या में पहुंचकर लोकभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के ताबूत में अंतिम कील ठोकी है। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम कर दिया है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से निजात पायेगी।
प्रदर्शनकारियों में प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, महिला कांगे्रस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत पार्टी के कई विधायक, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक मौजूद रहे।
