रुद्रपुर। काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी जांच पूरी कर ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट काशीपुर की अदालत में जार्चशीट दाखिल कर दी है। 29 पेज की जार्चशीट में कुल 12 आरोपियों को नामजद करने के साथ ही 58 गवाहों को शामिल किया गया है।
ग्राम पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह ने 10-11 जनवरी की रात काठगोदाम स्थित गौलापार के एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने से पहले सुखवंत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने जमीन से जुड़े धोखाधड़ी और पुलिस की कार्यप्रणाली से परेशान होने की बात कही थी। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उन्होंने तत्कालीन पुलिस अधिकारियों समेत कई लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
घटना के बाद तत्कालीन एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आईटीआई कोतवाली के प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला और एसआई प्रकाश बिष्ट को निलंबित करने के अलावा पूरी पैगा चैकी को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले जांच जिले की एसआईटी को सौंपी गई थी, जिसकी निगरानी तत्कालीन एसपी क्राइम निहारिका तोमर कर रही थीं। बाद में पुलिस मुख्यालय ने जांच अपने स्तर पर लेते हुए आईजी नीलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में नई एसआईटी का गठन किया। इस मामले में पहले 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। एसआईटी ने 79 दिनों की विस्तृत जांच के बाद 12 आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर चार्जशीट दाखिल की है।
चार्जशीट में इन्हें बनाया गया आरोपी
कुंदन सिंह रौतेला तत्कालीन थानाध्यक्ष
विमल कुमार
आशीष चैहान उर्फ पटवारी
कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी
अमरजीत सिंह
जगपाल सिंह
गुरप्रेम सिंह
जहीर
बलवंत सिंह उर्फ काले
जगवीर सिंह
मनप्रीत सिंह
सुखवंत सिंह पन्नू

