देहरादून। साॅफ्टवेयर इंजीनियर के अपरहण और मारपीट के एक आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन, जिसकी कीमत लगभग ₹ 60000 है, बरामद किया है। दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
आठ मई 2026 को विनोद कुमार निवासी शिवाजी मार्ग, कॉवली रोड, देहरादून ने प्रेमनगर थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा आकाश कुमार आईटी पार्क स्थित एक कम्पनी में सॉफ्टवेयर इन्जिनियर है। 6 मई को रात्रि शिफ्ट में ड्यूटी करने के बाद रात करीब 02.15 बजे वह वाहन के इंतजार में सहस्त्रधारा क्रासिंग पर खडा था। इस दौरान स्कूटी सवार दो व्यक्ति उसे जबरदस्ती स्कूटी में बैठाकर प्रेमनगर क्षेत्र में जामुनवाला पुल पर ले गये, जहां उनके द्वारा आकाश के साथ मारपीट करते हुये उसके दो मोबाइल फोन व 600 रूपये छीन लिए और उसे धक्का देकर पुल से नीचे फेंक दिया। स्वयं दोनों मौके से फरार हो गए। घायल आकाश वर्तमान में दून अस्पताल मे उपचाराधीन है।
विनोद कुमार की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने धारा 109/140(3)/3(5)/309(6) बीएनएस का मुकदमा दर्ज कर उप निरीक्षक विजय प्रताप राही को विवेचना सौंपी।
पुलिस ने घटनास्थल व उसके आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे लगभग 110 सीसीटीवी कैमरो की फुटेजो को चेक किया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में देखे गए संदिग्धों के बारे में जानकारियां एकत्रित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आज पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी मृदुल गुरुंग को मीठी बेरी रोड प्रेम नगर से घटना में लूटे गये मोबाइल फोन( आईफोन) के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 5 मई की रात्रि में वह तथा उसका दोस्त अस्मित थापा स्कूटी से गढी कैंट होते हुए सहस्त्रधारा रोड की तरफ घूम रहे थे। इस दौरान देर रात्रि करीब 02.15 बजे सहस्त्रधारा क्रॉसिंग उन्हे एक लड़का सड़क पर अकेला खड़ा दिखाई दिया, जिससे गढ़ी कैंट का रास्ता पूछने के बहाने उन्होंने उसके पास अपनी स्कूटी रोकी तथा उससे रास्ता पूछने के बाद उक्त युवक उनसे आगे तक ले जाने की बात कहते हुये उनके साथ स्कूटी में बैठ गया। इस दौरान वे तीनों सर्वे चैक से किशननगर चैक होते हुये ओएनजीसी चैक पहुँचे तथा वहां से जामुनवाला की ओर जाने लगे। इस दौरान उनके द्वारा पीछे बैठे युवक से थोड़ा खा-पी लेने के बाद उसे घर छोड़ने की बात कही गयी तो उक्त युवक द्वारा अपनी सहमति देते हुये अपने पास शराब रखी होने की बात बताते हुये उनके साथ आ गया।
उसके बाद तीनों स्कूटी से प्रेमनगर क्षेत्र में हनुमान मन्दिर के पास पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्कूटी को मंदिर के पास खड़ा किया तथा पास ही एक निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गये, जहां तीनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इस दौरान अभियुक्तों द्वारा आकाश से उसका मोबाइल फोन मांगने पर उसके द्वारा मोबाइल देने से इनकार कर दिया, जिस पर अभियुक्तों द्वारा आकाश के दोनो हाथ पीछे से पकड़कर उसकी जेब में रखे 02 मोबाइल फोन (01 आईफोन, 01 रियल मी) तथा 600 रूपये छीन लिये। छीना झपटी व मार-पीट के दौरान आकाश को धक्का लगने से वह पुल से नीचे गिर गया, जिस पर दोनो अभियुक्त घबराकर मौके से भाग गये।
छीने गये रूपयों को दोनो अभियुक्तों ने आपस में बांट लिया तथा आई-फोन को अभियुक्त मृदुल गुरंग ने तथा रियल मी फोन को अभियुक्त अस्मित थापा ने अपने पास रख लिया। आज अभियुक्त घटना में लूटे गये आई- फोन को बेचने के लिये जा रहा था, पर इस बीच पुलिस द्वारा उसे चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी है तथा उसके द्वारा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये अपने साथी के साथ मिलकर उक्त लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना में शामिल अभियुक्त के एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त
मृदुल गुरुंग पुत्र दीपक गुरंग निवासी 538 गढी कैण्ट, टपकेश्वर थाना गढी कैण्ट, देहरादून, उम्र- 20 वर्ष
पुलिस टीम
1- एसएसआई मुकेश थलेड़ी, कोतवाली प्रेमनगर
2- एसआई विजय प्रताप राही
3- कांस्टेबल राजेश चैहान
4- कांस्टेबल संजय
