देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय परिवार ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भूवन चन्द्र खंडूड़ी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डाॅ) के. प्रतापन ने कहा कि खंडूड़ी एक कर्मयोगी, दूरदर्शी एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले जननेता थे। उनका व्यक्तित्व सादगी, अनुशासन और सेवा भाव का अद्भुत संगम था।
कुलपति प्रो. (डाॅ) के. प्रतापन ने कहा कि उत्तराखण्ड ने आज एक ऐसे महान सपूत को खो दिया, जिनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन, ईमानदारी और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। खंडूड़ी का निधन उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि खंडूड़ी का दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज से विशेष आत्मीय जुड़ाव था। वे समय-समय पर स्वयं श्री दरबार साहिब पधारकर व्यवस्थाओं की जानकारी लेते थे तथा यह सुनिश्चित करते थे कि जनहित एवं सेवा से जुड़े कार्य निर्बाध रूप से संचालित हों। उनकी संवेदनशीलता, सहजता और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय एवं एसजीआरआर एजुकेशन मिशन परिवार ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि मेजर जनरल (से.नि.) भूवन चन्द्र खंडूड़ी ने सदैव शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं सेवा कार्यों को प्रोत्साहित किया। वे एसजीआरआर ग्रुप के संस्थानों द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते थे। उनका मार्गदर्शन और स्नेह संस्थान परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

