- 9 फरवरी से लापता था मृतक, आज चिड़ियापुर के जंगल में मिला शव
- एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य अभी भी फरार
देहरादून। नशे में धुत तीन युवकों ने अपने दोस्त की बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और लाश को चिड़ियापुर के जंगल में फेंक दिया। मृतक 9 फरवरी से लापता था और बसंत विहार थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, अन्य भी फरार हैं।
संतराम धीमान निवासी शास्त्री नगर, बसंत विहार ने 11 फरवरी 2026 को थाने पर सूचना दी कि उनका पुत्र दिगंबर धीमान(28) 09 फरवरी को घर से बिना बताए कहीं चला गया। थाना बसंत विहार ने तत्काल युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली।
गुमशुदगी की जांच के दौरान पता चला कि गुमशुदा दिगंबर धीमान के खिलाफ बसंत विहार में धारा 363/376 आईपीसी व 5(ट)/6 पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज है। गुमशुदा के पिता संतराम ने बताया कि दिगंबर 9 फरवरी को इस मुकदमे में कोर्ट में तारीख पर आया था तथा कोर्ट में अगली तिथि मिलने पर उसके द्वारा अपने पिता को घर जाने के लिए कहते हुए कुछ समय पश्चात घर आने की बात कही गई थी, जो उसके बाद घर वापस नहीं आया।
जांच के दौरान पुलिस टीम को जानकारी मिली कि दिगम्बर धीमान के कुछ अन्य साथी, जो अक्सर उसके साथ बैठकर नशा करते थे, वो भी दिगम्बर की गुमशुदगी के बाद से ही अपने घरों से गायब चल रहे हैं। संदेह के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही गुमशुदा के साथियों के परिजनो व आस-पास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई। 09 फरवरी की रात्रि में गुमशुदा के साथियों का उनमें से एक हेमन्त सेमवाल के रेसकोर्स सी-ब्लाक स्थित कमरे से टैक्सी के माध्यम से साथ में जाने की जानकारी पुलिस टीम को प्राप्त हुई, जिस पर आस-पास व आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस टीम द्वारा उक्त संदिग्ध टैक्सी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई तथा प्राप्त जानकारी के आधार पर आज उक्त संदिग्ध टैक्सी को तलाश कर उसके चालक राजनन्दन पुत्र मनमोहन ठाकुर निवासीरू न्यू पटेलनगर देहरादून को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा बताया गया कि 09 फरवरी की रात्री में हेमन्त सेमवाल व उसके अन्य साथी उसकी टैक्सी स्विफ्ट डिजायर यूके-07-टीबी-3478 के माध्यम से एक व्यक्ति के शव को कम्बल में लपेटकर ले गये थे, जिसे उनके द्वारा चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर रेत में दबा दिया और उसकी टैक्सी से वापस देहरादून आ गये। रास्ते में उक्त व्यक्तियों द्वारा उसे बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद में उनके द्वारा बेसबाल के बैट से गलती से मृतक के सर पर चोट मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
टैक्सी ड्राइवर की निशानदेही पर पुलिस द्वारा गुमशुदा दिगम्बर धीमान के शव को चिडियापुर के जंगल से बरामद किया गया तथा मृतक के शव को छिपाने में संलिप्तता पाये जाने पर टैक्सी चालक अभियुक्त राजनन्दन को गिरफ्तार करते हुए टैक्सी स्विफ्ट डिजायर कब्जे में लिया गया। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश हेतु अलग-अलग टीमें गठित कर सम्भावित स्थानों पर रवाना की गई हैं। जल्द ही घटना में शामिल सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जायेगा।
