देहरादून। यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने, यूकेएसएसएससी के अध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया की तत्काल बर्खास्तगी और स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निरस्त कर परीक्षा की नई तिथियां शीघ्र घोषित करने की मांग को लेकर आज कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। हालांकि, पुलिस ने कांग्रेसियों को हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
इस दौरान बेरिकेडिंग पार करने की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इससे बाद कांग्रेसी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और “पेपर चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाने लगे। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह समेत कई कांग्रेसियों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
