पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में टनकपुर तवाघाट हाईवे पर घाट क्षेत्र में रविवार देर शाम एक कार लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन में सवार पति-पत्नी की की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने दोनों शवों को खाई से निकाल कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कल रविवार शाम को एसडीआरएफ को सूचना प्राप्त हुई कि घाट क्षेत्र में मटेला बैंड से लगभग एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास एक महिंद्रा एसयूवी 300 अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना प्राप्त होते ही पिथौरागढ़ पोस्ट से एएसआई महिपाल सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ की टीम ने पुलिस व राजस्व पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू दोनों शवों एक महिला व एक पुरुष को खाई से बाहर निकालकर पुलिस के सुपर्द किया। मृतकों की पहचान योगेश कुमार (38) पुत्र जीवन राम, निवासी बजेटी और उनकी पत्नी निधि आर्या (34) वर्ष के रूप में हुई है। योगेश कुमार पीडब्ल्यूडी टकाना पिथौरागढ़ में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत थे। जबकि, उनकी पत्नी रानीखेत में सरकारी सेवारत थी।
ट्रक और बेरिकेड के बीच फंसने से व्यक्ति की मौत
अल्मोड़ा जिले में बिनसर से लगभग तीन किमी आगे ताकुला रोड पर ट्रक और बेरिकेड के बीच फंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सरियापानी पोस्ट से मुख्य आरक्षी नवीन सिंह कुंवर के नेतृत्व में मौके पर गई एसडीआरएफ टीम ने ट्रक में फंसे व्यक्ति का शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान भूपेन्द्र सिंह (42) पुत्र चन्द्र मान, निवासी जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में की गई।
तोताघाटी में भूस्खलन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत
आज तड़के तीन बजे तोता घाटी के पास एक ट्रक भूस्खलन की चपेट में आ गया। हादसे में टृक चालक की मौत हो गई। साथ ही मार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था। उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे ट्रक से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) पुत्र दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, चमोली के रूप में हुई है।

