Home » श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति चारधाम यात्रा तैयारियों में जुटी: हेमंत द्विवेदी

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति चारधाम यात्रा तैयारियों में जुटी: हेमंत द्विवेदी

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति चारधाम यात्रा तैयारियों में जुटी: हेमंत द्विवेदी


देहरादून। चारधाम यात्रा अप्रैल से शुरू हो रही है। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल, श्री केदारनाथ धाम के 22 और श्री गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल को खुलेंगे।

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आज कैनाल रोड स्थित बीकेटीसी कार्यालय के निकट आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार के स्तर पर धामों में यात्रा तैयारियां त्वरित गति से चल रही हैं। बीकेटीसी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन करना है। इसके लिए बीकेटीसी के बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं। अब तक 6 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के पंजीकरण करवा चुके हैं। 6 मार्च से 16 मार्च तक, दो सप्ताह में श्री केदारनाथ के लिए 206622, श्री बदरीनाथ के लिए 182212, श्री गंगोत्री धाम के लिए 115763 तथा यमुनोत्री धाम के लिए 113256 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया है।

अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में श्री केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब श्री बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कि यात्रा पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। आगामी यात्रा वर्ष 2026-27 में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धामों की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ की जा रही हैं।

51 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए शीतकालीन यात्रा दर्शन
अध्यक्ष द्विवेदी ने बताया कि पिछले वर्ष धामों के कपाट होने के बाद से अब तक 51 हजार श्रद्धालुओं ने शीतकालीन पूजा स्थलों में दर्शन किए हैं। श्री बदरीनाथ धाम के शीतकालीन पूजा स्थल श्री योग बदरी पांडुकेश्वर तथा श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में शीतकालीन पूजा-अर्चना में 20054 श्रद्धालु शामिल हुए। 16 मार्च 2026 तक भगवान केदारनाथ जी एवं द्वितीय केदार श्री मदमहेश्वर जी की शीतकालीन गद्दी श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 31736 रही। इस तरह 51 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा दर्शन किये है।

गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक
10 मार्च को संपन्न हुई श्री केदारनाथ-बदरीनाथ मंदिर की बैठक में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया गया है। यह प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा गया है। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बजट बैठक में आगामी यात्रा वर्ष 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए लिए 1210799501 ( 121 करोड़ 07 लाख 99 हजार 501 रुपये ) से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया गया।

बजट बैठक में श्री बदरीनाथ धाम के लिए 574739601 ( 57 करोड़ 47 लाख 39 हजार 601 रुपए) तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 636059900 ( 63 करोड़ 60 लाख 59 हजार 900 रुपये )बजट का प्रावधान किया गया है। धामों में यात्रा पूर्व व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट केंप में मंदिर समिति शिविर कार्यालय खुलेगा। तीर्थ पुरोहितों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए ‘तीर्थ पुरोहित कल्याण कोष’ की स्थापना का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

धामों में मोबाइल प्रतिबंधित
धामों में निर्धारित दूरी तक मोबाइल प्रतिबंधित करने, रील तथा फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी पर रोक रहेगी। यात्रा एवं दर्शन एसओपी विचार, मंदिर परिसर, दर्शन पंक्ति, रेलिंगों की मरम्मत, रंग-रोगन पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, विश्राम गृहों में आवासीय व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जा रहा है। व्यवस्था तथा दर्शन व्यवस्था, पूजा व्यवस्था, आॅनलाइन पूजा तथा मंदिर समिति की वेबसाइट को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने, मंदिरों के जीर्णौद्धार तथा यात्रा पूर्व रखरखाव, विज्ञापन नीति, कर्मचारियों के स्थानांतरण नीति लागू की जा रही है।

इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य प्रह्लाद पुष्पवान और मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *