गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी ब्लाॅक के एकमात्र महाविद्यालय में 26 साल बाद भी उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार नहीं हो पाया है। बीएड, विधि और पीजी स्तर पर विज्ञान संकाय नहीं होने से क्षेत्र के युवाओं को पढ़ाई के लिए गोपेश्वर, श्रीनगर और देहरादून का रुख करना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए दूसरे शहरों में रहकर पढ़ाई करना मुश्किल साबित हो रहा है। ऐसे में कई युवाओं के उच्च शिक्षा हासिल करने के सपने अधूरे रह जा रहे हैं।
पोखरी महाविद्यालय में विकासखंड की 73 ग्राम पंचायतों और एक नगर पंचायत के साथ आसपास के दूरस्थ गांवों के विद्यार्थी अध्ययन के लिए पहुंचते हैं। बीएड की सुविधा नहीं होने से शिक्षक बनने के इच्छुक युवाओं को दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। इसी तरह विधि संकाय नहीं होने से कानून की पढ़ाई और न्यायिक सेवाओं में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। बीएससी के बाद विज्ञान विषयों में परास्नातक की पढ़ाई के लिए भी उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है।
ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत निर्मोही, किमोठा के प्रधान हरिकृष्ण किमोठी, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा, दिव्या भारती ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन कर महाविद्यालय में बीएड, विधि, पीजी विज्ञान और कला संकाय के अन्य विषय शुरू करने के साथ स्नातक स्तर पर अंग्रेजी के प्राध्यापक की नियुक्ति की मांग की है।
प्रमुख राजी देवी ने कहा कि संपन्न परिवारों के बच्चे तो बाहर जाकर पढ़ाई पूरी कर लेते हैं, लेकिन गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के लिए किराया, भोजन और आवास का खर्च उठाना आसान नहीं है। महाविद्यालय में नए संकाय खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को घर के नजदीक उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा और उनका आर्थिक बोझ भी कम होगा।
2000 में हुई थी महाविद्यालय की स्थापना
क्षेत्रीय जनता के लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2000 में विकासखंड मुख्यालय पोखरी के जैडुगरा में महाविद्यालय की स्थापना हुई थी। बाद में हिंदी, राजनीति विज्ञान और भूगोल विषयों में इसे पीजी स्तर तक उच्चीकृत किया गया। इसके बावजूद करीब 26 साल बाद भी बीएड, विधि और पीजी विज्ञान संकाय शुरू नहीं हो पाए हैं। कला संकाय के अन्य विषयों में भी पीजी की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
390 विद्यार्थी कर रहे अध्ययन
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. रीटा शर्मा ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में 390 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बीए में अंग्रेजी विषय को छोड़कर लगभग सभी विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध हैं। बीएससी स्तर पर भी सभी विषयों के प्राध्यापक तैनात हैं। उन्होंने बताया कि पीजी स्तर पर विज्ञान संकाय शुरू करने के लिए प्रयोगशाला समेत आवश्यक संसाधन महाविद्यालय में उपलब्ध हैं। नए संकाय शुरू होने से विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा।


