Headlines
badhtauttarakhand

  • कायाकल्प अभियान के तहत परिसर में की साफ-सफाई
  • मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

गोपेश्वर (चमोली)। भारतीय रेडक्रॉस शाखा चमोली की ओर से कायाकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल गोपेश्वर परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेडक्रॉस के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल पहुंचने वाले अन्य लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व रेडक्रॉस शाखा के कार्यक्रम सचिव सुरेंद्र रावत और कोषाध्यक्ष चरण सिंह नेगी ने किया। अभियान के तहत सदस्यों ने अस्पताल परिसर के विभिन्न स्थानों पर सफाई की। परिसर में फैले कूड़े और गंदगी को हटाने के साथ लोगों से स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की गई।

इस मौके पर रेडक्रॉस सदस्यों ने कहा कि अस्पताल ऐसा सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखना बेहद जरूरी है। गंदगी से संक्रमण और बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। इसलिए अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखना केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष दिवस या अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाना, कूड़ेदान का उपयोग करना और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पहल हैं। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार हो सकती है।

रेडक्रॉस की ओर से कायाकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और सार्वजनिक संस्थानों में साफ-सफाई के महत्व को रेखांकित करना रहा। अभियान में सुनील बिष्ट, उषा रावत, महेंद्र सिंह नेगी, शंकर बिष्ट, रेखा नेगी, जयंती  रावत समेत रेडक्रॉस शाखा के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

 

कायाकल्प अभियान के तहत परिसर में की साफ-सफाई मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक गोपेश्वर (चमोली)। भारतीय रेडक्रॉस शाखा चमोली की ओर से कायाकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल गोपेश्वर परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेडक्रॉस के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण…

Read More
badhtauttarakhand

  • राष्ट्रीय दलों ने प्रत्याशी चयन पर साधी चुप्पी
  • उक्रांद ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर शुरू की चुनावी तैयारी

गोपेश्वर (चमोली)। जहां एक ओर उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस अभी प्रत्याशियों के चयन पर मंथन में जुटी हैं, वहीं उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने चमोली जिले की कर्णप्रयाग सीट से अपना चुनावी दांव चल दिया है। पार्टी ने युवा नेता आशीष नेगी को प्रत्याशी घोषित कर जिले की तीन विधानसभा सीटों में से एक पर चुनावी तैयारी का आगाज कर दिया है। प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में से 16 पर पहली सूची जारी कर उक्रांद ने राष्ट्रीय दलों से पहले मैदान में उतरने की रणनीति अपनाई है।

कर्णप्रयाग सीट को लेकर उक्रांद की यह पहल केवल प्रत्याशी घोषित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी ने राष्ट्रीय दलों से पहले चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का प्रयास किया है। अब आशीष नेगी को अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए काफी समय मिलेगा। वे क्षेत्र में जनसंपर्क, संगठन विस्तार और स्थानीय समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाने पर काम कर सकते हैं। उक्रांद नेतृत्व ने भी घोषित प्रत्याशियों को घर-घर जाकर पार्टी के एजेंडे से मतदाताओं को अवगत कराने की अपील की है।

हालांकि कर्णप्रयाग में भाजपा की मजबूत चुनावी स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां जीत दर्ज की। 2022 में भाजपा के अनिल नौटियाल को 28,911 और कांग्रेस के मुकेश नेगी को 22,196 वोट मिले थे, वहीं उक्रांद के प्रत्याशी उमेश खंडूड़ी को महज 464 वोट मिले। यह आंकड़ा बताता है कि पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी पुरानी सीमित चुनावी मौजूदगी को व्यापक जनसमर्थन में बदलने की होगी।

उक्रांद की रणनीति का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि पार्टी ने चुनाव से काफी पहले प्रत्याशी घोषित कर उन्हें तैयारी का समय दिया है। लेकिन केवल पहले प्रत्याशी घोषित कर देना चुनावी जमीन तैयार होने की गारंटी नहीं है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और स्थानीय मुद्दों पर लगातार संघर्ष जरूरी होगा। कर्णप्रयाग में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पलायन और ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाएं ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर पार्टी को अपना स्पष्ट पक्ष जनता के बीच रखना होगा।

दूसरी ओर भाजपा और कांग्रेस के लिए भी यह घोषणा एक संकेत है कि चुनावी मुकाबला केवल दो राष्ट्रीय दलों के बीच सीमित रहने की स्थिति नहीं है। उक्रांद की मौजूदगी से क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर राजनीतिक विमर्श का दायरा बढ़ सकता है। हालांकि इसका असर किस दल के मतों पर पड़ेगा, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी। यह प्रत्याशी की सक्रियता, संगठन की ताकत और चुनाव के समय बनने वाले राजनीतिक समीकरणों पर निर्भर करेगा।

चमोली की बदरीनाथ और थराली सीटों पर उक्रांद ने अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। ऐसे में जिले में पार्टी की आगे की रणनीति भी महत्वपूर्ण होगी। यदि दूसरी सूची में इन सीटों पर भी मजबूत चेहरे सामने आते हैं तो उक्रांद जिले में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अपनी चुनावी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर सकती है। फिलहाल कर्णप्रयाग से आशीष नेगी की घोषणा ने चुनावी चर्चा को समय से पहले शुरू कर दिया है। भाजपा और कांग्रेस के लिए अब प्रत्याशी चयन के साथ ही क्षेत्रीय दलों की सक्रियता को भी अपनी रणनीति में शामिल करना होगा।

 

राष्ट्रीय दलों ने प्रत्याशी चयन पर साधी चुप्पी उक्रांद ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर शुरू की चुनावी तैयारी गोपेश्वर (चमोली)। जहां एक ओर उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस अभी प्रत्याशियों के चयन पर मंथन में जुटी हैं, वहीं उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने चमोली जिले की कर्णप्रयाग सीट से अपना चुनावी…

Read More
badhtauttarakhand

  • मुख्यमंत्री धामी ने प्रमुख संगठन सम्मेलन में की चार घोषणाएं
  • आजीविका मिशन की ब्लॉक स्तरीय समिति में भी शामिल होंगे क्षेत्र पंचायत प्रमुख

देहरादून। प्रदेश की क्षेत्र पंचायतों को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। क्षेत्र पंचायत निधि को दोबारा शुरू करने और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय एवं भत्तों में वृद्धि के लिए कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में ब्लॉक प्रमुख को शामिल किया जाएगा। ग्राम पंचायतों को नगरीय निकायों में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायत से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखण्ड प्रमुख संगठन सम्मेलन-2026 में मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करते हैं और स्थानीय समस्याओं तथा जरूरतों से सीधे जुड़े होते हैं। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में उनकी भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत किए बिना गांवों को आत्मनिर्भर नहीं बनाया जा सकता। छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार स्थानीय निकायों की राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। पंचायत भवनों से वंचित ग्राम पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से भवन निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि का उल्लेख करते हुए उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने पंचायत निधि के उपयोग में पारदर्शिता, विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

सम्मेलन में प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संगठन के अध्यक्ष राजीव कंडारी, महासचिव गणेश चंदोला, ज्योति ग्रोवर, संरक्षक हरीश बिष्ट सहित प्रदेशभर के ब्लॉक प्रमुख और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रमुख संगठन सम्मेलन में की चार घोषणाएं आजीविका मिशन की ब्लॉक स्तरीय समिति में भी शामिल होंगे क्षेत्र पंचायत प्रमुख देहरादून। प्रदेश की क्षेत्र पंचायतों को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। क्षेत्र पंचायत निधि को दोबारा शुरू…

Read More
badhtauttarakhand

  • सात ट्रैकर्स और एक गाइड का अब तक नहीं मिला सुराग
  • बर्फबारी और खराब परिस्थितियों से सर्च अभियान में मुश्किल

देहरादून। उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अत्यधिक बर्फबारी और विषम मौसम के चलते तलाशी अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। ऐसे में एसडीआरएफ ने हेलीकॉप्टर की मदद से केदारताल क्षेत्र की दो बार हवाई रेकी की, लेकिन लापता लोगों या उनके टेंट का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल पाया।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष पर्वतारोहण टीम को अभियान में लगाया गया है। इससे पहले एसडीआरएफ की गंगोत्री टीम के जवान केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी कर चुके हैं, लेकिन भारी बर्फबारी और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान आगे नहीं बढ़ाया जा सका।

इसके बाद हेलीकॉप्टर से हवाई तलाश का निर्णय लिया गया। एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी की गई। हालांकि इस दौरान लापता ट्रैकर्स और गाइड के साथ ही उनके टेंट का भी कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिला।

एसडीआरएफ ने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम आवश्यक बचाव और पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना की है। मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां अनुकूल होने पर यह टीम सर्च अभियान में जुटेगी। फिलहाल एसडीआरएफ अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे की रणनीति तैयार कर रही है।

दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के बीच आठ लोगों की तलाश चुनौती बनी हुई है। अब अभियान की अगली दिशा मौसम और क्षेत्र में पहुंचने की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

सात ट्रैकर्स और एक गाइड का अब तक नहीं मिला सुराग बर्फबारी और खराब परिस्थितियों से सर्च अभियान में मुश्किल देहरादून। उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अत्यधिक बर्फबारी और विषम मौसम के चलते तलाशी अभियान…

Read More
badhtauttarakhand

कोटद्वार: महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को कोटद्वार स्थित बावर्ची ग्राउंड्स में आयोजित ‘शक्ति संगम’ मिनी मेला उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ‘Empowering Women, Growing Together’ यानी महिलाओं को सशक्त बनाने और साथ मिलकर आगे बढ़ने की थीम पर आयोजित इस एक दिवसीय मेले में महिला उद्यमियों ने अपने हुनर, उत्पादों और व्यवसाय का प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चले इस मेले में प्रवेश निशुल्क रखा गया था।

 

 

मेले में हैंडमेड ज्वेलरी, रेजिन आर्ट, क्रोशिया उत्पाद, सेंटेड कैंडल्स, ब्यूटी प्रोडक्ट्स, मेकअप, सैलून सेवाओं, गार्डनिंग सहित विभिन्न रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े स्टॉल लगाए गए। खास बात यह रही कि इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, नए ग्राहकों तक पहुंचने और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

 

इस आयोजन की खासियत यह रही कि यहां केवल उत्पादों की बिक्री ही नहीं हुई, बल्कि महिलाओं ने अपने उद्यम शुरू करने के अनुभव, चुनौतियों और सफलता की कहानियां भी साझा कीं। मेले में बातचीत के दौरान तीन महिला उद्यमियों ने बताया कि किस तरह छोटे स्तर से शुरू किया गया काम धीरे-धीरे उनकी पहचान बन रहा है।

 

लंदन से सीखी शेफिंग, कोटद्वार में जापानी-गढ़वाली स्वाद का संगम

 

 

मेले में मौजूद शेफ अनिवर्ती भट्ट ने बताया कि महिलाओं को एक मंच पर लाने का विचार किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस मंच के माध्यम से उन महिलाओं को अपने उत्पाद और ब्रांड लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, जिनका कारोबार अभी तक घर या आसपास के क्षेत्र तक ही सीमित था।

 

अनिवर्ती स्वयं भी उद्यमिता के क्षेत्र में कदम रख चुकी हैं। उन्होंने लंदन में छह साल बिताए और वहां से शेफिंग की पढ़ाई की। अब वह कोटद्वार में जापानी थीम पर आधारित अपना कैफे ‘अमामी’ शुरू कर रही हैं। उनकी कोशिश जापानी खानपान को गढ़वाली संस्कृति के साथ जोड़ने की है। इसके तहत मेन्यू में बुरांश की आइसक्रीम, बुरांश का शरबत और जापानी डिश रामेन को शामिल किया गया है।

 

नए उद्यमियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “बस शुरुआत कर दो, चीजें धीरे-धीरे अपने आप बनती जाती हैं।”

 

500 रुपये से शुरू किया रेजिन आर्ट का सफर

 

मेले में ‘Resin by Nikita Rawat’ के नाम से अपना स्टॉल लगाने वाली निकिता रावत ने बताया कि उन्होंने कॉलेज के प्रथम वर्ष में ही अपने इस काम की शुरुआत कर दी थी। जयपुर में पढ़ाई के दौरान दूसरे लोगों को अपने व्यवसाय और कला को आगे बढ़ाते देखकर उन्हें भी अपना हुनर व्यवसाय में बदलने की प्रेरणा मिली।

 

 

निकिता ने महज 500 रुपये की पॉकेट मनी से रेजिन आर्ट का काम शुरू किया। उन्होंने इसके लिए किसी संस्थान से प्रशिक्षण नहीं लिया, बल्कि ऑनलाइन माध्यमों और यूट्यूब वीडियो की मदद से खुद ही यह कला सीखी। वह घर से ही अपने उत्पाद तैयार करती हैं और अब सेंटेड कैंडल्स सहित विभिन्न रचनात्मक उत्पाद भी बनाती हैं।

 

निकिता के अनुसार, कोटद्वार में रेजिन आर्ट का काम अभी सीमित स्तर पर है, इसलिए लोगों के लिए उनके उत्पाद कुछ अलग और नया अनुभव लेकर आते हैं। उनके इस सफर में परिवार भी पूरा सहयोग करता है। उनके माता-पिता और बहन भी काम में हाथ बंटाते हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को संदेश दिया कि किसी भी काम को शुरू करने के लिए बड़े निवेश से ज्यादा जरूरी लगन और शुरुआत करने का साहस है।

 

बच्चों के प्रोत्साहन से क्रोशिया के हुनर को मिली नई पहचान

 

मेले में स्वाति शाह ने अपने क्रोशिया से तैयार किए गए आकर्षक उत्पादों का स्टॉल लगाया। वह पर्स, मफलर, रबर बैंड, हेयर क्लिप और ईयररिंग्स सहित कई तरह की वस्तुएं तैयार करती हैं। उनकी खासियत यह है कि ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार उत्पादों को कस्टमाइज भी करवा सकते हैं।

 

 

स्वाति ने बताया कि पहले वह घर पर ही थोड़ा-बहुत क्रोशिया का काम करती थीं, लेकिन उनके बच्चों ने उन्हें अपने हुनर को दूसरे लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने यूट्यूब और व्हाट्सऐप स्टेटस के माध्यम से अपने काम का प्रचार शुरू किया।

 

उन्होंने बताया कि काम शुरू किए अभी केवल तीन महीने हुए हैं, लेकिन उन्हें आसपास के लोगों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं। शुरुआती परेशानियों के बावजूद वह धीरे-धीरे अपने काम को आगे बढ़ा रही हैं। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजन घरेलू स्तर पर काम कर रही महिलाओं को आगे बढ़ने का हौसला देते हैं।

 

महिला उद्यमियों को मिला पहचान और नेटवर्किंग का अवसर

 

‘शक्ति संगम’ मिनी मेला केवल खरीदारी का केंद्र नहीं रहा, बल्कि स्थानीय महिला उद्यमियों के लिए आपसी संपर्क, अनुभव साझा करने और अपने व्यवसाय को नई पहचान देने का अवसर भी बना। घरेलू स्तर पर काम शुरू करने वाली महिलाओं से लेकर नए स्टार्टअप की दिशा में कदम बढ़ा रही उद्यमियों तक, सभी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला।

 

इस तरह के आयोजन स्थानीय स्तर पर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। ‘शक्ति संगम’ के माध्यम से यह संदेश सामने आया कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो घर की चारदीवारी से शुरू हुआ हुनर भी एक सफल व्यवसाय और पहचान का रूप ले सकता है।

कोटद्वार: महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को कोटद्वार स्थित बावर्ची ग्राउंड्स में आयोजित ‘शक्ति संगम’ मिनी मेला उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ‘Empowering Women, Growing Together’ यानी महिलाओं को सशक्त बनाने और साथ मिलकर आगे बढ़ने की थीम पर आयोजित इस एक दिवसीय मेले में महिला उद्यमियों…

Read More
badhtauttarakhand

देहरादून/गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य सलाहकार (चारधाम यात्रा एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति) तथा सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी बी.डी. सिंह को पर्यटन विभाग ने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के लिए समन्वयक नियुक्त किया है। श्री सिंह इससे पूर्व बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के प्रशासक एवं मुख्य कार्याधिकारी भी रह चुके हैं।

इस नियुक्ति को उत्तराखंड में चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन और कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बी.डी. सिंह लंबे समय से धार्मिक पर्यटन और तीर्थयात्रा प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और दूरदर्शिता को देखते हुए विभाग ने उन्हें यह दायित्व सौंपा है।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि श्री बी.डी. सिंह का दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और धार्मिक पर्यटन की गहरी समझ कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस जिम्मेदारी मिलने पर बीकेटीसी सहित विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. गौड़ ने कहा कि श्री सिंह के मार्गदर्शन में देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं, सुव्यवस्थित प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता और पर्यटन संबंधी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।

ज्ञात हो कि श्री बी.डी. सिंह वर्तमान में मुख्यमंत्री के चारधाम यात्रा एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य यात्रा सलाहकार के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं। उनकी यह नई जिम्मेदारी राज्य में बड़े धार्मिक आयोजनों के प्रबंधन को और मजबूत करने वाली मानी जा रही है।

देहरादून/गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य सलाहकार (चारधाम यात्रा एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति) तथा सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी बी.डी. सिंह को पर्यटन विभाग ने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के लिए समन्वयक नियुक्त किया है। श्री सिंह इससे पूर्व बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के प्रशासक एवं मुख्य कार्याधिकारी भी रह चुके हैं। इस…

Read More
badhtauttarakhand

  • यूकेडी ने 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की
  • उत्तराखंड की राजनीति में क्षेत्रीय दल ने बढ़ाई सक्रियता

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चमोली जिले में भी चुनावी हलचल बढ़ा दी है। पार्टी ने कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से आशीष नेगी को प्रत्याशी घोषित किया है। यूकेडी की 16 प्रत्याशियों की सूची में चमोली जिले से कर्णप्रयाग सीट को शामिल किया गया है। पार्टी के इस फैसले से क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने संसदीय बोर्ड की संस्तुति पर प्रत्याशियों की घोषणा की। सूची में कर्णप्रयाग से आशीष नेगी के अलावा पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास और जागेश्वर से दिनेश कुंजवाल को टिकट दिया गया है।

इसके अलावा राजपुर से देव चंद उत्तराखण्डी, सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी से डीडी पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और धनोल्टी से चंदन सिंह राणा को प्रत्याशी बनाया गया है।

यूकेडी ने प्रत्याशियों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष को आधार बताया है। पार्टी अध्यक्ष के अनुसार जल्द ही दूसरी सूची भी जारी की जाएगी।

चमोली जिले की तीन विधानसभा सीटों में से फिलहाल कर्णप्रयाग पर प्रत्याशी घोषित किया गया है। ऐसे में अब बदरीनाथ और थराली सीटों पर पार्टी के फैसले का इंतजार रहेगा। क्षेत्रीय मुद्दों, स्थायी राजधानी गैरसैंण और पहाड़ के विकास को लेकर यूकेडी की आगामी चुनावी रणनीति पर भी निगाहें रहेंगी।

यूकेडी ने 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की उत्तराखंड की राजनीति में क्षेत्रीय दल ने बढ़ाई सक्रियता देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चमोली जिले में भी चुनावी हलचल बढ़ा दी है। पार्टी ने कर्णप्रयाग विधानसभा सीट से आशीष नेगी को प्रत्याशी घोषित…

Read More
badhtauttarakhand

गोपेश्वर (चमोली)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को चमोली पुलिस ने पुलिस लाइन गोपेश्वर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति डिस्क और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता का अर्थ केवल भौगोलिक अखंडता बनाए रखना नहीं है, बल्कि विविधताओं का सम्मान, सामाजिक सद्भाव, आपसी विश्वास और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी है।

समारोह में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर), उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड) और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) प्रदान की गई। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन, आवासीय परिसर और पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस सेवा गौरव और आत्मसम्मान का विषय है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी निष्ठा और समर्पण से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा और आमजन का विश्वास कायम रखना भी है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट समेत जनपद के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

गोपेश्वर (चमोली)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को चमोली पुलिस ने पुलिस लाइन गोपेश्वर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक…

Read More
badhtauttarakhand

गोपेश्वर (चमोली)। ज्योतिर्मठ के समीप शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत के बाद दुर्घटनास्थल से शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। दुर्गम पहाड़ी और ऊंचाई वाले क्षेत्र में पहुंचना बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें पांडुकेश्वर की ओर से कठिन पहाड़ी रास्तों पर पैदल चढ़ाई कर घटनास्थल तक पहुंच चुकी हैं।

रेस्क्यू टीमें दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के पार्थिव शरीरों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं। अभियान को गति देने के लिए आसपास के ऊंचाई वाले गांवों की ओर से वैकल्पिक पैदल रास्तों की भी तलाश की जा रही है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के साथ मौसम की चुनौतियां भी बचाव अभियान को कठिन बना रही हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सभी रेस्क्यू एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बनाया जा रहा है। बचाव दल पूरी तत्परता से अभियान में जुटे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि छहों मृतकों के पार्थिव शरीर सुरक्षित निकालकर जोशीमठ पहुंचाए जाएं। अभियान में लगे जवानों और कार्मिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला प्रशासन अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है और रेस्क्यू टीमों को आवश्यक संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

गोपेश्वर (चमोली)। ज्योतिर्मठ के समीप शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत के बाद दुर्घटनास्थल से शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। दुर्गम पहाड़ी और ऊंचाई वाले क्षेत्र में पहुंचना बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग…

Read More
badhtauttarakhand

  • 633 मतदान केंद्रों के लिए मशीनों की एफएलसी संपन्न
  • एक और दो नवंबर को राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगा मॉकपोल

गोपेश्वर (चमोली)। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चमोली में निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के 633 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी कर ली गई है। अब एक और दो नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों का मॉकपोल कराया जाएगा। इसके लिए कुल मशीनों में से पांच प्रतिशत का रेंडम चयन किया जाएगा।

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों ने निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार मशीनों की जांच की। पूरी प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में केवल प्रथम स्तरीय जांच में सफल और प्रमाणित मशीनों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है।

जिले में कुल 1,130 बैलेट यूनिट (बीयू), 1,250 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 1,294 वीवीपैट मशीनों की जांच पूरी हुई है। मॉकपोल के दौरान पांच प्रतिशत मशीनों का चयन कर उनकी कार्यक्षमता और मतों की रिकॉर्डिंग की जांच की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक प्रतिशत मशीनों पर 1,200 वोट, दो प्रतिशत पर 1,000 वोट और शेष दो प्रतिशत मशीनों पर 500-500 वोट डालकर परीक्षण होगा। इससे मशीनों में मत दर्ज होने और वीवीपैट की पर्चियों के मिलान की तकनीकी विश्वसनीयता परखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से मॉकपोल के दौरान अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़ी हर प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए जरूरी है।

633 मतदान केंद्रों के लिए मशीनों की एफएलसी संपन्न एक और दो नवंबर को राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगा मॉकपोल गोपेश्वर (चमोली)। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चमोली में निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के 633 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी कर ली…

Read More